जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के शेषनगर में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में टीएम ऑटोमोटिव सीटिंग प्राइवेट लिमिटेड के एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान दयाल सिटी निवासी मृत्युंजय सिंह के रूप में हुई है। हादसे में उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृत्युंजय सिंह अपनी साइकिल से गुजर रहे थे। इसी दौरान मोड़ पर बिना हॉर्न दिए तेज रफ्तार से एक कार अचानक सामने आ गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चला रहा व्यक्ति ड्राइविंग सीख रहा था। सामने साइकिल सवार को देखने के बावजूद वह समय पर ब्रेक नहीं लगा सका, जिससे कार सीधे मृत्युंजय सिंह की साइकिल से टकरा गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना गोविंदपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

