चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू से लदे एक हाइवा को जब्त किया है। बताया जा रहा है कि वाहन में स्वर्णरेखा नदी घाट से अवैध रूप से उठाया गया बालू लोड था। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, चाकुलिया थाना पुलिस ने बुधवार देर रात गश्ती के दौरान BR 10 W 3893 नंबर के बालू लदे हाइवा को पकड़ा। जांच के दौरान चालक परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन लगातार अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान चला रहा है। इसके बावजूद नदी घाटों से अवैध बालू उठाव और बिना अनुमति परिवहन की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बालू कहां से लोड किया गया था तथा इसके पीछे किन लोगों की संलिप्तता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

