पलामू: अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पलामू पुलिस ने पांकी थाना क्षेत्र में संचालित कथित अवैध अंग्रेजी शराब की एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, स्प्रिट, नकली रैपर, सरकारी स्टीकर तथा खाली बोतलें बरामद की हैं।


पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर लेस्लीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने पांकी थाना क्षेत्र के जीरो टोला बधमरी स्थित लाला सिंह की बंद दुकान पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, लगभग 250 लीटर स्प्रिट, विभिन्न ब्रांडों के नकली रैपर, झारखंड सरकार के लोगो वाले 1,940 स्टीकर, शराब में रंग मिलाने वाला पदार्थ तथा 1,530 खाली कांच की बोतलें बरामद कीं।
पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री का उपयोग कथित रूप से नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर नामी ब्रांड के नाम पर बाजार में बेचने के लिए किया जाता था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी में पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

