सरायकेला: उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्र-शिक्षक उपस्थिति तथा आधारभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।


उपायुक्त ने सभी विद्यालयों में छात्रों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक अनुपस्थिति के लिए संबंधित प्रधानाध्यापक, शिक्षक तथा प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी जिम्मेदार होंगे। जिन विद्यालयों में लगातार कम उपस्थिति पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर वेतन भुगतान भी रोका जा सकता है।
बैठक में शिक्षकों की शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जून माह में निर्धारित मानक से कम बायोमेट्रिक उपस्थिति वाले शिक्षकों के वेतन में नियमानुसार कटौती की जाए। अब शिक्षकों का वेतन बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बीईओ, बीआरपी और सीआरपी को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति, पठन-पाठन, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, खेल सामग्री तथा मध्याह्न भोजन व्यवस्था की जांच करने को कहा गया। निर्धारित समय पर निरीक्षण नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध भी वेतन कटौती सहित आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

