चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के 56-चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र ने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2026 के तहत गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा कर झारखंड में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही चक्रधरपुर राज्य का पहला विधानसभा क्षेत्र बन गया है, जिसने यह उपलब्धि हासिल की है।


इस उपलब्धि पर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ और पर्यवेक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरी टीम की प्रतिबद्धता, अनुशासन और निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि समयबद्ध एवं त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, मजबूत और विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिला निर्वाचन कार्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में सबसे पहले शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा होना जिले की उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, टीम भावना और निर्वाचन कार्यों के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
उपायुक्त ने कहा कि जिला निर्वाचन कार्यालय का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक स्वच्छ, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। उन्होंने जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता और गंभीरता के साथ कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है।

