जमशेदपुर: शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम बाइक चोरी की एक और घटना सामने आई है। साधु डेरा स्थित लाल स्कूल के पास खड़ी एक हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को अज्ञात चोर कुछ ही मिनटों में लेकर फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है।


जानकारी के अनुसार बाइक मालिक आलोक दास ने गुरुवार शाम करीब 4:50 बजे अपनी स्प्लेंडर बाइक (पंजीकरण संख्या JH 05 AN 6714) लाल स्कूल के पास खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक वहां नहीं मिली। काफी खोजबीन के बावजूद वाहन का कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बाइक लेकर मौके से जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर संदिग्ध की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

