जमशेदपुर: महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल में लंबित विकास कार्यों को गति देने के लिए शुक्रवार को जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित होगी। उपायुक्त की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में अस्पताल अधीक्षक, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ मरीजों और कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होगी।


बैठक का सबसे प्रमुख मुद्दा अस्पताल में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा। प्रशासन प्रत्येक मंजिल पर बड़े क्षमता वाले आरओ वाटर प्यूरीफायर लगाने की योजना पर विचार कर रहा है। प्रस्ताव के अनुसार प्रत्येक फ्लोर पर दो-दो आरओ मशीनें स्थापित की जाएंगी, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
समीक्षा बैठक में अस्पताल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से जुड़े कई प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद इन योजनाओं पर जल्द काम शुरू होने की संभावना है।
हाल ही में राज्य सरकार ने एमजीएम अस्पताल के लिए लगभग 17.76 करोड़ रुपये तथा मेडिकल कॉलेज के लिए करीब 3.5 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई है। इस राशि का उपयोग आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन सहित अन्य आवश्यक कार्यों में किया जाएगा। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि चरणबद्ध तरीके से पेयजल, संसाधनों और आधारभूत सुविधाओं में सुधार कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

