टाटा पावर लेबर यूनियन ने ठेका मजदूरों के अधिकारों के हनन का लगाया आरोप, श्रम विभाग से कार्रवाई की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: टाटा पावर लेबर यूनियन ने शुक्रवार को साकची स्थित सीपीआई कार्यालय में प्रेस वार्ता कर कंपनी प्रबंधन पर ठेका मजदूरों के अधिकारों के हनन का आरोप लगाया। यूनियन का कहना है कि कंपनी में पिछले 20 से 25 वर्षों से स्थायी प्रकृति के कार्य ठेका कर्मियों से कराए जा रहे हैं, जबकि श्रम कानूनों के अनुसार ऐसे पदों पर नियमित नियुक्ति होनी चाहिए।

यूनियन के उपाध्यक्ष एवं एआईटीयूसी के राज्य सचिव अंबुज कुमार ठाकुर ने बताया कि इस संबंध में पहले ही उप श्रमायुक्त (डीएलसी), जमशेदपुर को मांग पत्र सौंपा जा चुका है। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग ने मामले में टाटा पावर प्रबंधन से भी स्पष्टीकरण मांगा है।

यूनियन ने आरोप लगाया कि श्रम विभाग की कार्रवाई से घबराकर कंपनी प्रबंधन ठेका एजेंसियों के माध्यम से श्रमिकों से बॉन्ड भरवा रहा है, ताकि लंबे समय से कार्यरत ठेका मजदूरों को उनके वैधानिक अधिकारों और सुविधाओं से वंचित किया जा सके। यूनियन नेताओं ने इसे श्रम कानूनों की भावना के विपरीत बताते हुए श्रमिकों पर अनावश्यक दबाव बनाने का आरोप लगाया।

यूनियन ने पूरे मामले की लिखित शिकायत उप श्रमायुक्त को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और ठेका मजदूरों के हितों की सुरक्षा की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।