एमजीएम अस्पताल के मुख्य द्वार की बदहाल सड़क बनी परेशानी, स्थायी मरम्मत की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर सड़क की बदहाल स्थिति मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल आने-जाने वाले लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण अस्पताल के प्रवेश मार्ग पर कीचड़ और दलदल जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे लोगों को अस्पताल तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है।

जानकारी के अनुसार अस्पताल प्रशासन ने मुख्य गेट के सामने बने गड्ढों को भरने के लिए मिट्टी डलवाई थी, लेकिन लगातार बारिश के कारण वही मिट्टी दलदल में बदल गई। अब अस्पताल आने वाले लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। जूते-चप्पलों के साथ कीचड़ अस्पताल परिसर तक पहुंच रही है, जो सूखने के बाद धूल बनकर वार्डों और गलियारों में फैल रही है। इससे मरीजों, परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

अस्पताल के मुख्य द्वार के पास स्थित निःशुल्क पार्किंग की स्थिति भी बारिश के बाद काफी खराब हो गई है। कीचड़ के कारण लोग वाहन सड़क किनारे खड़ा करने को मजबूर हैं, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ जाम और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।

सामाजिक कार्यकर्ता विश्वनाथ महतो सहित स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन से मुख्य सड़क एवं पार्किंग क्षेत्र की स्थायी मरम्मत, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।