जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए करंट वाले तार की चपेट में आने से युवक की मौत, दो गिरफ्तार

Spread the love

पलामू: पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में कोयल नदी किनारे मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या आपसी विवाद में नहीं, बल्कि जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए अवैध करंट वाले तार की चपेट में आने से हुई थी। मृतक की पहचान शेखडीहा गांव निवासी सचिन कुमार साह के रूप में हुई है। इस मामले में मृतक की मां ललिता देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

पुलिस के अनुसार 14 जुलाई की रात कुछ लोगों ने जंगली सूअर का शिकार करने के उद्देश्य से कोयल नदी के पास अवैध रूप से बिजली का जाल बिछाया था। इसके लिए 11 हजार वोल्ट लाइन से नंगे तार में करंट प्रवाहित कर जमीन पर फैलाया गया था। इसी दौरान सचिन कुमार साह वहां पहुंच गए और करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी पकड़े जाने के डर से शव को कोयल नदी की बालू में दबाकर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया। 15 जुलाई को नदी किनारे बालू में दबा शव मिलने के बाद मामला सामने आया।

पुलिस ने इस मामले में कमल रजवार उर्फ बबलू और रामजी रजवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटनास्थल से करीब 50 फीट लोहे का तार और छह लकड़ी के खूंटे भी बरामद किए गए हैं। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।