कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत बागबेड़ा पुलिस का नशामुक्ति जागरूकता अभियान, लोगों को किया जागरूक

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत बागबेड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) ने किया। इस दौरान पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मोहल्लों का दौरा कर ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों से संवाद किया।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों को नशे के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक माहौल को भी प्रभावित करती है। कई अपराधों की जड़ भी नशाखोरी होती है, इसलिए इससे दूर रहना बेहद जरूरी है।

अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, बच्चों तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने में आम नागरिकों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। पुलिस ने लोगों से किसी भी प्रकार की नशीली गतिविधि या अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे।