सरायकेला: जिले में लगातार हो रही बारिश का असर अब सड़क संपर्क पर भी साफ दिखाई देने लगा है। मेहताबेड़ा में निर्माणाधीन पुल के पास बनाया गया अस्थायी डायवर्जन तेज बहाव में बह जाने से कांड्रा-हुडू मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। इसके चलते छोटे-बड़े सभी वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है और हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


जानकारी के अनुसार, मेहताबेड़ा में नए पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण अवधि के दौरान यातायात बनाए रखने के लिए पुल के समीप अस्थायी डायवर्जन सड़क बनाई गई थी। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के चलते यह डायवर्जन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बह गया, जिससे मार्ग बंद हो गया।
सड़क संपर्क टूटने से हुडू और आसपास के गांवों का कांड्रा से सीधा संपर्क प्रभावित हो गया है। रोजाना आने-जाने वाले लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों और आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को अब कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर वैकल्पिक मार्गों से सफर करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त डायवर्जन की तत्काल मरम्मत कराने तथा वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो लगातार बारिश के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती है।

