जमशेदपुर: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA) के निर्देश पर चलाए जा रहे 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), जमशेदपुर द्वारा सिविल कोर्ट परिसर स्थित न्याय सदन में विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डालसा के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में किया गया।


प्रदर्शनी का उद्देश्य आम नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी विधिक योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था। प्रदर्शनी में निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना, पैरा लीगल वॉलंटियर (अधिकार मित्र) सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गई।
इस अवसर पर न्यायालय में आए वादकारी, अधिवक्ता, छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। आगंतुकों को विभिन्न विधिक सेवाओं की जानकारी देने के साथ जागरूकता पुस्तिकाएं एवं सूचना सामग्री भी वितरित की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से मध्यस्थ अधिवक्ताओं, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यों, अधिकारियों एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने लोगों को कानूनी सेवाओं की उपलब्धता, पात्रता, लोक अदालत, मध्यस्थता और अन्य योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक न्याय की आसान और प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

