जमशेदपुर: मंगो नगर निगम में मेयर सुधा गुप्ता और पार्षदों के बीच लंबे समय से चल रहे मतभेद अब खुलकर सामने आ गए हैं। नगर निगम की कार्यशैली से नाराज 20 से अधिक पार्षदों ने एकजुट होकर ‘पार्षद एकता मंच’ का गठन किया है। सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से राजेश सिंह को मंच का अध्यक्ष चुना। पार्षदों का आरोप है कि उनके द्वारा उठाए गए जनहित और विकास से जुड़े प्रस्तावों की लगातार अनदेखी की जा रही थी, जिसके कारण इस मंच के गठन का निर्णय लिया गया।


मंगो नगर निगम के उपमहापौर राहुल कुमार कश्यप ने कहा कि पार्षद जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं और वे सबसे पहले अपने वार्ड की समस्याओं को देखते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्षद एकता मंच किसी व्यक्ति के विरोध के लिए नहीं, बल्कि पार्षदों को एकजुट कर मंगो क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि मंच के माध्यम से अब सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। उपमहापौर ने बताया कि बजट और फंड की कमी के कारण रुकी कई विकास योजनाओं की वित्तीय प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही नए टेंडर जारी किए जाएंगे। साथ ही भवन कर और जलकर के प्रति लोगों को जागरूक कर नगर निगम की आय बढ़ाने का अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि विकास कार्यों को नई गति मिल सके।

