जमशेदपुर: जमशेदपुर के पुराना सोनारी स्थित प्रगति कॉम्प्लेक्स में नवनिर्मित मां मनसा मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य कलश यात्रा में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।


कार्यक्रम की शुरुआत डुमनी नदी से निकाली गई कलश यात्रा के साथ हुई। श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ मंदिर परिसर पहुंचे। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु मां मनसा के जयकारों के साथ भक्तिभाव में डूबे नजर आए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्ष 1970 से इस स्थान पर खुले मैदान में मां मनसा की पूजा-अर्चना होती आ रही है। वर्षों की आस्था और श्रद्धा के बाद अब यहां भव्य मंदिर का निर्माण पूरा हुआ है। मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह रहा और इसे धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया।

