जमशेदपुर: गुरुद्वारा रोड और बैकुंठनगर में बेदखली नोटिस से बढ़ी चिंता, प्रभावित परिवारों के समर्थन में पहुंचे विकास सिंह

Spread the love

जमशेदपुर: मानगो नगर निगम के जोनल कार्यालय ने गुरुद्वारा रोड के अंतिम छोर और बैकुंठनगर क्षेत्र में रहने वाले एक दर्जन से अधिक परिवारों को 4 अगस्त तक अपने मकान हटाने का नोटिस जारी किया है। नोटिस मिलने के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे पिछले लगभग 50 वर्षों से यहां रह रहे हैं और अधिकतर लोग दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्षों की मेहनत से उन्होंने अपना आशियाना बनाया है। अचानक मिले नोटिस से उनके सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि यदि उन्हें यहां से हटाया गया तो उनके पास रहने के लिए कोई वैकल्पिक स्थान नहीं है।

नोटिस मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने भाजपा नेता विकास सिंह को मौके पर बुलाकर अपनी समस्या से अवगत कराया। लोगों ने कहा कि वे दशकों से यहां रह रहे हैं और किसी भी कीमत पर अपना घर छोड़ना नहीं चाहते।

मौके पर पहुंचे विकास सिंह ने कहा कि वर्षों से बसे गरीब और मजदूर परिवारों को उजाड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इन परिवारों के पास बिजली और पानी के वैध कनेक्शन हैं, वे नियमित रूप से बिल जमा करते हैं और नगर निगम को होल्डिंग टैक्स भी अदा करते हैं। ऐसे में उन्हें हटाना मानवीय दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए प्रशासन के समक्ष उनकी समस्याएं उठाने की बात कही।

विकास सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि जिन जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान मिलना चाहिए था, वे आज बेदखली के नोटिस का सामना कर रहे हैं। फिलहाल प्रभावित परिवार प्रशासन की ओर से किसी राहत या आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार कर रहे हैं।