जमशेदपुर: एमजीएम के इंटर्न डॉक्टर सक्षम सिंह की मौत मामले में पिता ने दर्ज कराई हत्या की शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के इंटर्न डॉक्टर सक्षम सिंह की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के पिता सत्येंद्र कुमार सिंह ने बोड़ाम थाना में लिखित शिकायत देकर अपने पुत्र की हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत में डॉ. यश, डॉ. सचिन और उनके अन्य सहयोगियों को नामजद करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता सत्येंद्र कुमार सिंह, जो पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के निवासी हैं, ने बताया कि उनके 23 वर्षीय पुत्र डॉ. सक्षम सिंह ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमशेदपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद इंटर्नशिप शुरू की थी।

शिकायत के अनुसार, 24 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे डॉ. यश और डॉ. सचिन उनके बेटे के कमरे पर पहुंचे और उसे अपने साथ डिमना लेक ले गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वहां पहले से मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके पुत्र की हत्या कर दी गई और बाद में शव को डिमना लेक में फेंक दिया गया।

मृतक के पिता ने पुलिस से मांग की है कि शिकायत में नामजद सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।