जमशेदपुर: स्काईलान होटल में पुलिस की छापेमारी, तीन युवक हिरासत में, दस्तावेजों की जांच जारी

Spread the love

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित हावड़ा ब्रिज के समीप स्काईलान होटल में गुरुवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस फिलहाल तीनों से पूछताछ कर रही है और होटल में लंबे समय से ठहरने के कारणों की जांच में जुटी है।

पुलिस टीम ने होटल के कमरा संख्या 201 और 202 में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान रांची के रातू क्षेत्र निवासी लिंडा, सोनू और बिट्टू को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीनों पिछले करीब तीन माह से होटल में रह रहे थे, जिससे उनकी गतिविधियों पर पुलिस को संदेह हुआ।

तलाशी के दौरान पुलिस को कमरों से कई दस्तावेज और अन्य सामग्री मिली है। बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि तीनों जमशेदपुर में किस उद्देश्य से रह रहे थे और उनका किन लोगों से संपर्क था।

सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान चेक बाउंस से जुड़े एक मामले की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि पुलिस केवल इसी पहलू तक जांच सीमित नहीं रख रही है, बल्कि अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामला केवल वित्तीय विवाद से जुड़ा है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है।

फिलहाल गोलमुरी थाना पुलिस की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।