सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र में चौका–कांड्रा सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। चौका मोड़ फ्लाईओवर के नीचे कांड्रा की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण आए दिन भारी वाहन फंस रहे हैं, जिससे दुर्घटनाएं और लंबा जाम लगना आम बात हो गई है।


स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि सड़क की गुणवत्ता बेहद खराब होने के कारण बार-बार इसकी मरम्मत की जरूरत पड़ रही है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। लोगों ने जिला प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चौका से लगभग तीन से चार किलोमीटर तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर उड़ने वाली धूल से राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह टोल रोड होने के बावजूद इसकी खराब स्थिति पर भी सवाल उठ रहे हैं।
यह मार्ग चांडिल अनुमंडल के लोगों के लिए जिला मुख्यालय और आदित्यपुर-जमशेदपुर आने-जाने का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। लोगों ने सरकार और एनएचएआई से जल्द स्थायी मरम्मत कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुनिश्चित करने की मांग की है।

