जमशेदपुर: सोना देवी विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए 13 अगस्त को इंडक्शन सह ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि पहली बार इसका आयोजन विश्वविद्यालय के किताडीह स्थित परिसर में किया जा रहा है। इससे पहले यह कार्यक्रम शहर के अन्य स्थानों पर आयोजित होता था।


कार्यक्रम की तैयारियों के तहत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुआ ने शुक्रवार को आईसीसी एचसीएल के कार्यकारी निदेशक उमेश सिंह से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस दौरान दोनों के बीच विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, उनकी मान्यता तथा शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यकारी निदेशक उमेश सिंह ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक पहल की सराहना करते हुए कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इंडक्शन कार्यक्रम के माध्यम से नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, नियम, सुविधाओं, गतिविधियों और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा, ताकि वे अपने नए शैक्षणिक जीवन की बेहतर शुरुआत कर सकें।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. नित नयना भी उपस्थित रहीं।

