जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा निवासी एवं “एमबीए गोलगप्पावाला” के संचालक बजरंग प्रसाद ने सोनारी थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य मनीष सिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ सूदखोरी, मारपीट, धमकी और ठेला बंद कराने के आरोप लगाते हुए न्यायालय में शिकायत वाद दायर किया है। शिकायत के अनुसार आर्थिक तंगी के दौरान उन्होंने कथित रूप से मनीष सिंह से 1.70 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि इस पर 10 प्रतिशत मासिक ब्याज तय किया गया तथा सुरक्षा के नाम पर दो हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक भी लिए गए। शिकायतकर्ता का दावा है कि उन्होंने मूल राशि से अधिक करीब दो लाख रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से चुका दिए हैं, जिसके साक्ष्य भी उनके पास मौजूद हैं।


शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बावजूद अतिरिक्त राशि की मांग की जाती रही। साथ ही 11 फरवरी 2026 को सोनारी थाना में दबाव बनाकर सादे कागज पर हस्ताक्षर करवाए गए। बजरंग प्रसाद ने यह भी आरोप लगाया कि 21 जुलाई को उनके गोलगप्पा ठेले पर पहुंचकर मनीष सिंह, जयप्रकाश ठाकुर और एक पुलिस पदाधिकारी ने मारपीट, गाली-गलौज और धमकी दी तथा ठेला बंद करने का दबाव बनाया। मामले में सुनवाई के बाद न्यायालय ने जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट तलब की है तथा सभी आरोपितों को नोटिस जारी किया है। यह आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं और मामले में न्यायिक प्रक्रिया जारी है।

