जामताड़ा में भाजपा का प्रदर्शन, स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर साधा निशाना

Spread the love

जामताड़ा: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को जामताड़ा समाहरणालय का घेराव कर राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था सहित विभिन्न जन मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक सीता सोरेन समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

मीडिया से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि स्वास्थ्य मंत्री के विधानसभा क्षेत्र के सदर अस्पताल की स्थिति ऐसी है, तो पूरे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पतालों में बिना पैसे मरीजों का समुचित इलाज नहीं हो रहा है। उन्होंने हाल में सदर अस्पताल से रेफर किए गए एक मरीज की मौत और विरोध प्रदर्शन करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामले का भी उल्लेख किया।

प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह ने भी स्वास्थ्य मंत्री और सरकार की कार्यशैली की आलोचना करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष ढंग से काम करने की अपील की। वहीं, सीता सोरेन ने सदर अस्पताल की स्थिति पर चिंता जताते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की आवश्यकता बताई। भाजपा नेताओं के इन आरोपों पर समाचार लिखे जाने तक राज्य सरकार या स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।