सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने शुक्रवार को ईचागढ़ और तिरुलडीह थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तिरुलडीह थाना का निरीक्षण करने के साथ वर्ष 2016 में निर्मित कुकड़ू थाना भवन का भी जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, मालखाना, लंबित कांडों की स्थिति तथा पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए अपराध नियंत्रण के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों पर निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार, मारपीट या अभद्र भाषा स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए। एसपी ने कहा कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा, ताकि पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, प्रभावी और जनहितैषी बनाया जा सके।

