जेपीएससी मुद्दे पर बाबूलाल मरांडी के आरोपों का कांग्रेस ने दिया जवाब, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का किया दावा

Spread the love

रांची: झारखंड में जेपीएससी परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा लगाए गए आरोपों पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव विनय सिन्हा दीपु ने कहा कि भाजपा बिना ठोस तथ्यों के केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।

विनय सिन्हा दीपु ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं को ईमानदारी से रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) से जुड़े मामलों की जांच अपराध अनुसंधान विभाग (CID) द्वारा की जा रही है। सरकार ने निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं और जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।

भाजपा पर पलटवार करते हुए विनय सिन्हा दीपु ने कहा कि भाजपा को अपने शासनकाल की भर्ती प्रक्रियाओं को भी याद करना चाहिए, जब नियुक्तियों में अनियमितता और पक्षपात के आरोप लगे थे। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं, जबकि भाजपा जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड के युवा सच्चाई को समझ रहे हैं और सरकार निष्पक्ष जांच तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।