रांची: झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मामले में तीन महत्वपूर्ण लोगों को दोबारा समन जारी कर 6 अगस्त को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है। एसीबी का कहना है कि अब तक जुटाए गए दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और विभिन्न लोगों के बयानों के आधार पर पूछताछ की जाएगी तथा सभी तथ्यों का मिलान किया जाएगा।


जिन लोगों को दोबारा समन भेजा गया है, उनमें श्यामजी शरण, अरुण पति त्रिपाठी और नेक्सजेन सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ अरुण कुमार सिंह शामिल हैं। श्यामजी शरण को पहले भी पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया था, लेकिन वे जांच में शामिल नहीं हुए थे। अब उन्हें दोबारा 6 अगस्त को उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
पूर्व में छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग के पूर्व विशेष सचिव रहे अरुण पति त्रिपाठी से उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत पूछताछ की जाएगी। वहीं, नेक्सजेन सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ अरुण कुमार सिंह से कंपनी की भूमिका, अनुबंध, वित्तीय लेन-देन और संबंधित व्यक्तियों व संस्थाओं से कारोबारी संबंधों को लेकर सवाल पूछे जाएंगे।
एसीबी के अनुसार, पूछताछ के दौरान दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन का मिलान, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण तथा पहले दर्ज बयानों का सत्यापन किया जाएगा, ताकि पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने लाई जा सके।

