जमशेदपुर सांसद ने नितिन गडकरी से पूर्वी सिंहभूम की सड़क और पुल परियोजनाओं को प्राथमिकता देने की मांग की

Spread the love

जमशेदपुर: संसद के मानसून सत्र के दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पूर्वी सिंहभूम और आसपास के क्षेत्रों की कई महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने का आग्रह किया।

सांसद ने सबसे पहले पारडीह काली मंदिर (जमशेदपुर) से पटमदा, काटिन, बंडवान और झिलमिली होते हुए पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा तक नई सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-18 से जुड़ेगी और जमशेदपुर तथा दुर्गापुर के औद्योगिक क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत करने के साथ व्यापार और उद्योग को गति देगी।

इसके अलावा सांसद ने चाईबासा-हाता NH-220 को माघगोड़ा, मुसाबनी और गुड़ाबांदा होते हुए ओडिशा के बम्बे चौक तक विस्तारित करने की मांग की। उन्होंने सीआरआईएफ के तहत धालभूमगढ़-नरसिंहगढ़ रेलवे फाटक से ओडिशा सीमा तक सड़क निर्माण तथा स्वर्णरेखा नदी पर बामडोल घाट में हाई लेवल पुल बनाने का भी प्रस्ताव रखा।

साथ ही धालभूमगढ़ फ्लाईओवर के दोनों ओर लगभग एक किलोमीटर लंबी पीक्यूसी (PQC) सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण की मांग करते हुए कहा कि इससे बरसात के दौरान बार-बार होने वाली क्षति से स्थायी राहत मिलेगी। सांसद ने सभी परियोजनाओं को जनहित और क्षेत्रीय विकास के लिए शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया।