टाटानगर स्टेशन सलाहकार समिति की बैठक में पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं और आदित्यपुर से ट्रेनों के संचालन पर मंथन

Spread the love

जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के रिजर्व लाउंज में शुक्रवार को स्टेशन सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेलवे प्रशासन और समिति के सदस्यों ने स्टेशन के पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था तथा बढ़ते परिचालन दबाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

रेलवे अधिकारियों ने टाटानगर स्टेशन को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने के लिए चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। साथ ही प्रस्तावित मास्टर प्लान और आगामी चरणों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में यात्रियों की सुविधा बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रतीक्षालयों के विस्तार, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, दिव्यांग अनुकूल सुविधाओं, बेहतर सूचना प्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था की सराहना करते हुए अधिकारियों ने समय पर ट्रेनों के संचालन के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की।

इसके अलावा आदित्यपुर रेलवे स्टेशन से कुछ ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे टाटानगर स्टेशन पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिल सके। रेलवे प्रशासन ने समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक में सुरेश शर्मा, हसन मलिक, डॉ. साहिर पाल, मीना विलखु, स्टेशन निदेशक सुनील कुमार, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक आर.के.आर. राय, स्टेशन प्रबंधक संतोष कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।