जमशेदपुर के टेल्को में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर घायल

Spread the love

जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के रोड नंबर-1 के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार कार और स्कूटी के बीच हुई जोरदार टक्कर में स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर स्कूटी के ऊपर चढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायल युवकों को तत्काल बाहर निकालकर इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान आरुष और अमित के रूप में हुई है। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।

सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार एवं स्कूटी को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कार चालक आदित्य कुमार (21), निवासी के-2/13, टेल्को न्यू मार्केट, को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर JH05BF-9582 और स्कूटी का नंबर JH05EJ-6592 है।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।