जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टरों डॉ. सक्षम कुमार और डॉ. समीर कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। डॉ. समीर कुमार के पिता अजय लाल के लिखित बयान के आधार पर डॉ. यश कुमार और अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। अजय लाल ने ग्रामीण एसपी से मुलाकात कर अपने बेटे की मौत को सुनियोजित हत्या बताते हुए साजिश का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।


जांच के दौरान पुलिस ने डॉ. यश कुमार, डॉ. सचिन कुमार और अन्य आरोपियों से पूछताछ की है। साथ ही एमजीएम मेडिकल कॉलेज छात्रावास और अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स भी जांच के दायरे में ली है। अधिकारियों के अनुसार अब तक कई लोगों से पूछताछ की गई है, लेकिन फिलहाल कोई ठोस साक्ष्य हाथ नहीं लगा है। जांच जारी है।
वहीं, डॉ. सक्षम कुमार के पिता सत्येंद्र कुमार सिंह ने भी बोराम थाना में आवेदन देकर डॉ. यश, डॉ. सचिन और अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि 23 जुलाई की रात उनके बेटे को कमरे से बहला-फुसलाकर डिमना लेक ले जाया गया, जहां उसकी हत्या कर शव जलाशय में फेंक दिया गया। पुलिस अब इस पूरे मामले की हत्या के एंगल से भी विस्तृत जांच कर रही है।

