सोनारी के सरकारी विद्यालय में साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र स्थित सरकारी जनता मध्य विद्यालय में गुरुवार को साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चला, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में साइबर थाना प्रभारी श्रीनिवास और साइबर थाना के अवर निरीक्षक कुणाल कुमार ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर छात्रों को जागरूक किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने तथा किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की अपील की।

इसके साथ ही कार्यक्रम में नशा मुक्ति पर भी चर्चा की गई। छात्रों को बताया गया कि नशीले पदार्थों का सेवन न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि इससे सामाजिक और पारिवारिक जीवन भी प्रभावित होता है। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, जागरूक नागरिक बनने और अपने परिवार तथा समाज में भी इस संबंध में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।