टाटा स्टील के पहली तिमाही के शानदार नतीजे, 2,385 करोड़ रुपये का मुनाफा; नीलाचल इस्पात विस्तार को ₹33,873 करोड़ की मंजूरी

Spread the love

जमशेदपुर: टाटा स्टील ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2026) के वित्तीय परिणाम घोषित करते हुए मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। निदेशक मंडल की बैठक के बाद कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि वैश्विक चुनौतियों और कच्चे माल की बढ़ती लागत के बावजूद भारतीय बाजार में मजबूत मांग के कारण समूह के राजस्व और मुनाफे में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

पहली तिमाही में टाटा स्टील समूह का कुल राजस्व बढ़कर 60,794 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 53,178 करोड़ रुपये था। कंपनी का EBITDA बढ़कर 9,370 करोड़ रुपये रहा, जबकि शुद्ध लाभ (PAT) 2,385 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो सालाना आधार पर लगभग 19 प्रतिशत अधिक है।

भारतीय कारोबार ने इस प्रदर्शन में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। देश में स्टील उत्पादन 5.76 मिलियन टन और डिलीवरी 5.17 मिलियन टन रही। भारतीय परिचालन से कंपनी का राजस्व 36,989 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 4,668 करोड़ रुपये रहा।

बोर्ड ने ओडिशा स्थित नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (NINL) की उत्पादन क्षमता 4.8 मिलियन टन प्रतिवर्ष तक बढ़ाने के लिए 33,873 करोड़ रुपये के निवेश को भी मंजूरी दी। कंपनी ने ऑटोमोटिव, ब्रांडेड स्टील और डिजिटल प्लेटफॉर्म में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की है।