जेपीएससी परीक्षा अनियमितता मामला: पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से तीसरे दिन भी CID की मैराथन पूछताछ

Spread the love

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इस मामले में सीआईडी ने पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष एल. ख्यांगते से शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन लंबी पूछताछ की। करीब नौ घंटे तक चली पूछताछ के बाद उन्हें शाम में घर जाने की अनुमति दे दी गई।

एल. ख्यांगते शुक्रवार सुबह सीआईडी मुख्यालय पहुंचे थे। पूरे दिन पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। हालांकि, सीआईडी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों के अनुसार, जांच अभी जारी है और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

इससे पहले भी उनसे पहले दिन लगभग आठ घंटे और दूसरे दिन नौ घंटे तक पूछताछ की गई थी। जांच के दौरान सीआईडी ने उनका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया है, ताकि जांच पूरी होने तक वे विदेश यात्रा न कर सकें। सीआईडी ने नोटिस जारी करने से पहले उनके सरकारी आवास और जेपीएससी कार्यालय स्थित कक्ष की तलाशी लेकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य जब्त किए थे। वहीं, परीक्षा आयोजित करने वाली निजी एजेंसी टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) के कार्यालय से भी ओएमआर शीट, परीक्षा से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड बरामद किए गए हैं। अब तक इस मामले में 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच कई स्तरों पर जारी है।