जमशेदपुर: जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह 8 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। समारोह में स्नातक (यूजी), स्नातकोत्तर (पीजी), व्यावसायिक (वोकेशनल) तथा पीएचडी कार्यक्रमों के सफल विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।


विश्वविद्यालय के अनुसार, चार वर्षीय एफवाईयूजीपी (FYUGP) के तहत बीए, बीएससी और बीकॉम (ऑनर्स विद रिसर्च) के विद्यार्थियों के साथ-साथ पीएचडी शोधार्थियों को भी डिग्री प्रदान की जाएगी। इसके अलावा जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, बायोटेक्नोलॉजी, सीएनडी, बीबीए और बीसीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राएं भी दीक्षांत समारोह का हिस्सा बनेंगे।
दो वर्षीय स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के अंतर्गत एमए, एमएससी, एमकॉम, एमबीए, एमएलआईएससी और एमसीए के विद्यार्थियों को भी उपाधियां प्रदान की जाएंगी। वहीं बी.एड. और बी.पी.एड. पाठ्यक्रम के सफल अभ्यर्थियों को भी डिग्री दी जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, सत्र 2025-26 के चार वर्षीय एफवाईयूजीपी, तीन वर्षीय यूजी वोकेशनल तथा दो वर्षीय पीजी एवं वोकेशनल पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी इस समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा सत्र 2024-25 के बी.एड. डिग्रीधारकों को भी दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया जाएगा। पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

