काउंसिलर एकता मंच ने मानगो नगर निगम को सौंपा 10 सूत्री मांगपत्र, पारदर्शी विकास और जनहितकारी व्यवस्था की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: मानगो नगर निगम क्षेत्र में पार्षदों के अधिकारों की सुरक्षा, वार्डों के पारदर्शी विकास और जनसुविधाओं के त्वरित निष्पादन की मांग को लेकर काउंसिलर एकता मंच ने नगर आयुक्त जितेंद्र यादव को 10 सूत्री मांगपत्र सौंपा। मंच ने कहा कि इन मांगों के लागू होने से नगर निगम की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनेगी।

मांगपत्र में निगम कार्यालय में सभी निर्वाचित पार्षदों के लिए सम्मानजनक बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने, पार्षदों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं पर अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई करने तथा सफाई व्यवस्था में पार्षदों की निगरानी और सत्यापन को अनिवार्य बनाने की मांग की गई। मंच ने सुझाव दिया कि प्रत्येक वार्ड में तैनात सफाईकर्मियों की सूची संबंधित पार्षद को उपलब्ध कराई जाए तथा सफाई कार्य का सत्यापन पार्षद के प्रमाणन के बाद ही बिल भुगतान किया जाए।

इसके अलावा प्रत्येक माह नियमित बोर्ड बैठक आयोजित करने, सभी वार्डों में वार्ड समितियों, स्थायी समिति एवं जोनल समितियों का गठन करने, सामुदायिक भवनों को अतिक्रमण मुक्त कर उन्हें वार्ड कार्यालय के रूप में उपयोग करने तथा प्रत्येक वार्ड के लिए समान और पारदर्शी विकास निधि उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। इस दौरान अध्यक्ष राजेश सिंह, उपाध्यक्ष जेबा फरहीन, महासचिव नुरुल हक अंसारी सहित मंच के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।