पूर्वी सिंहभूम में दिव्यांग युवक को मिली व्हीलचेयर, नम्या स्माइल फाउंडेशन की मानवीय पहल

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम: जिले के गुड़ाबांधा प्रखंड अंतर्गत बनमकड़ी पंचायत के कोइमा गांव निवासी 26 वर्षीय दिव्यांग युवक आशीष घोष को नम्या स्माइल फाउंडेशन के संस्थापक कुणाल षाड़ंगी की ओर से व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। इस पहल से अब आशीष के दैनिक आवागमन और अन्य आवश्यक कार्यों में काफी सहूलियत मिलेगी।

जानकारी के अनुसार, झामुमो के स्थानीय कार्यकर्ता बेनुधर घोष ने आशीष घोष की स्थिति की जानकारी कुणाल षाड़ंगी को दी थी। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की पहल की, ताकि दिव्यांग युवक को आने-जाने में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।

इस अवसर पर कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और दिव्यांगजनों की सहायता करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह व्हीलचेयर आशीष घोष के जीवन को अधिक आसान, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित होगी।

स्थानीय ग्रामीणों ने इस मानवीय पहल के लिए नम्या स्माइल फाउंडेशन और कुणाल षाड़ंगी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर मिली यह सहायता आशीष के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड सचिव भुकाई सोरेन, विनोद बागाल, हार्द राम सोरेन, रघुलाल मुर्मू, रविलाल सोरेन, पद्मलोचन बेड़ा, रामानंद गोस्वामी, रंजीत सीट और प्रदीप गिरी सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।