जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र में युवक जय यादव उर्फ तुषार की आत्महत्या के मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। मृतक की मां ने एक युवती पर मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है, जबकि युवती ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा जारी है।


मृतक की मां मोनी कुमारी ने सोनारी थाना में लिखित शिकायत देकर बताया कि 26 जून की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके बेटे ने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उनका बेटा पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था और कदमा की एक युवती के दबाव के कारण उसने यह कदम उठाया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, संबंधित युवती ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि जय यादव से उसकी बातचीत करीब दो वर्ष पहले ही बंद हो गई थी। उसने दावा किया कि इसके बावजूद जय लगातार उससे संपर्क करने और रिश्ते में लौटने का दबाव बनाता था। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आत्महत्या के बाद मृतक के परिजन उसे फोन कर धमका रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

