देवघर: श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने घोरमारा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत फूड सेफ्टी फ्लाइंग स्क्वॉड ने पेड़ा दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान मां दुर्गा पेड़ा भंडार, संदीप पेड़ा दुकान, पीहू पेड़ा भंडार और आशीष फास्ट फूड में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण एवं भंडारण व्यवस्था तथा फूड सेफ्टी लाइसेंस की जांच की गई। सभी दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान पहले से जब्त ओमजी पेड़ा स्टोर के 1060 किलोग्राम संदिग्ध पेड़े को जेसीबी मशीन की मदद से नष्ट किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला समाप्त होने तक इस प्रकार की जांच लगातार जारी रहेगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मिलावटी, घटिया या असुरक्षित खाद्य सामग्री का निर्माण, भंडारण या बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही व्यापारियों से वैध लाइसेंस लेकर ही कारोबार करने और श्रद्धालुओं से संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की गई।

