रामगढ़ में आकाशीय बिजली का कहर, दो अलग-अलग घटनाओं में तीन महिलाओं की मौत, दो झुलसीं

Spread the love

रामगढ़: जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में रविवार को हुई दो अलग-अलग आकाशीय बिजली की घटनाओं में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों घटनाएं तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान खेत में काम करने के समय हुईं।

पहली घटना सांकुल गांव की है, जहां खेत में काम कर रही रेखा देवी और उनकी बेटी रोशनी कुमारी पर आकाशीय बिजली गिर गई। परिजन और ग्रामीण दोनों को तुरंत पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना पलानी गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रहीं सुलेखा देवी, सुनीता देवी और कंचन कुमारी बिजली की चपेट में आ गईं। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस की मदद से तीनों को पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने सुलेखा देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनीता देवी और कंचन कुमारी गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, रामगढ़ रेफर कर दिया गया।

जिले में रविवार को कई स्थानों पर तेज बारिश और गरज-चमक हुई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।