सरायकेला: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां पुलिस ने निगरानीशुदा एवं दागी अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को चौका थाना परिसर में निगरानीशुदा अपराधियों की विशेष परेड आयोजित की गई। यह अभियान पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर चलाया गया, जिसका नेतृत्व चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार ने किया।


परेड के दौरान थाना क्षेत्र के निगरानीशुदा अपराधियों की उपस्थिति दर्ज की गई। पुलिस ने उनकी पहचान, वर्तमान गतिविधियों और निवास संबंधी जानकारी का सत्यापन किया। अधिकारियों ने सभी को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहें और कानून का पालन करें।
पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति किसी भी अपराध में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं ताकि अपराध की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराधी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

