जामताड़ा के भागीबांध पावर ग्रिड का स्वास्थ्य मंत्री ने किया निरीक्षण, 8 स्थानीय युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

Spread the love

जामताड़ा: नारायणपुर प्रखंड के भागीबांध पावर ग्रिड का स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने निरीक्षण किया। इस दौरान बिजली विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने ग्रिड की तैयारियों और बिजली आपूर्ति से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने क्षेत्र के आठ स्थानीय युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। उन्होंने बताया कि पांच अन्य युवाओं की नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में है और उन्हें भी जल्द ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। नियुक्ति पत्र मिलने से युवाओं और उनके परिवारों में खुशी का माहौल देखा गया।

मंत्री ने कहा कि भागीबांध पावर ग्रिड के शुरू होने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक मजबूत और नियमित होगी। इसका लाभ किसानों, विद्यार्थियों, स्वास्थ्य सेवाओं तथा छोटे व्यवसायों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जल्द ही भागीबांध पहुंचकर इस पावर ग्रिड का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। उनके अनुसार, यह परियोजना क्षेत्र के विकास और बेहतर विद्युत आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।