गिरिडीह: गिरिडीह जिले के गावां-बसोडीह मुख्य मार्ग पर अमाट्रो पुल के पास रविवार को हुए सड़क हादसे में पीयूष कुमार की मौत हो गई। मृतक की पहचान गावां थाना क्षेत्र के खजिया गांव निवासी के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और मृतक के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग की।


जानकारी के अनुसार, पीयूष पिछले दस दिनों से बिरने गांव स्थित अपनी मौसी के घर रह रहा था। रविवार को वह डीजल लेने निकला था। इसी दौरान एक गंगा बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने बस को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक के भाई बबलू यादव ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद एंबुलेंस खराब होने के कारण घायल को बाइक से अस्पताल ले जाना पड़ा। उन्होंने यह भी दावा किया कि स्थानीय अस्पताल में उचित उपचार और ऑक्सीजन की सुविधा नहीं मिलने से रास्ते में ही पीयूष की मौत हो गई।
ग्रामीणों ने चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग की। पुलिस और प्रशासन के समझाने के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया। मामले की जांच जारी है।

