गढ़वा में दर्दनाक हादसा: घर की छत मरम्मत के दौरान करंट लगने से नवविवाहित युवक की मौत

Spread the love

गढ़वा: जिले के कांडी थाना क्षेत्र के सेमौरा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय रविशंकर कुमार सोनी की करंट लगने से मौत हो गई। वह अपने अर्धनिर्मित मकान की छत की मरम्मत का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान वाइब्रेटर मशीन में बिजली का तार जोड़ते समय उन्हें जोरदार करंट लग गया।

परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि रविशंकर कुमार सोनी की हाल ही में शादी हुई थी और वे परिवार के साथ खुशहाल जीवन की शुरुआत कर रहे थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता अशोक सोनी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताया है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा बिजली का तार जोड़ने के दौरान करंट लगने से हुआ।