नई दिल्ली: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य के हालिया विकास कार्यों, जनकल्याण से जुड़े प्रमुख मुद्दों और विभिन्न सार्वजनिक हित की पहलों की जानकारी दी।


मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को झारखंड राजभवन द्वारा प्रकाशित विशेष पुस्तक “संवाद से विश्वास” की एक प्रति भी भेंट की। इस पुस्तक में पिछले दो वर्षों के दौरान राजभवन की प्रमुख पहल, विकास कार्यों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और प्रशासनिक गतिविधियों का विस्तृत विवरण संकलित किया गया है।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच झारखंड के विकास, सुशासन और भविष्य की योजनाओं को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। राज्यपाल ने राज्य में संचालित विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों और विकास परियोजनाओं की जानकारी साझा की। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के विकास और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों पर चर्चा करते हुए आगे भी बेहतर समन्वय और प्रभावी प्रशासन की आवश्यकता पर बल दिया।
यह मुलाकात राज्य के विकास, सुशासन और जनसेवा से जुड़े मुद्दों पर केंद्र और राज्य के बीच बेहतर संवाद और समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

