चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹16 लाख की 3700 विदेशी शराब की बोतलें जब्त, पीछा करने पर पलटा ट्रक

Spread the love

चतरा: झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 3700 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार, शराब की खेप को धान के पुआल के नीचे छिपाकर ट्रक के जरिए बिहार ले जाया जा रहा था।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सनी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा के रास्ते बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की खेप बिहार भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर शेरेगड़ा के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक मौके से फरार हो गया। तलाशी में धान के पुआल के नीचे छिपाकर रखी गई 3700 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने ट्रक और शराब की खेप को जब्त कर लिया है। फरार चालक और तस्करों की पहचान के लिए ट्रक के पंजीकरण नंबर के आधार पर जांच जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और बिहार में किस गिरोह तक पहुंचाई जानी थी।