झारखंड सचिवालय कर्मियों का चरणबद्ध आंदोलन शुरू, कैडर रिव्यू और प्रोन्नति की मांग तेज

Spread the love

झारखंड सचिवालय सेवा संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत कर दी है। आंदोलन के पहले चरण में मंगलवार को सचिवालय परिसर में कर्मचारियों ने मानव श्रृंखला बनाकर सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। वहीं बुधवार से 12 अगस्त तक सभी कर्मचारी काली पट्टी बांधकर अपने-अपने कार्यालयों में कार्य करेंगे।

संघ का कहना है कि उनकी प्रमुख मांगों में कैडर रिव्यू, प्रोन्नति से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान और कर्मचारियों के हितों की रक्षा शामिल है। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार ने अब तक इन मुद्दों पर कोई संतोषजनक निर्णय नहीं लिया है।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी मानव श्रृंखला बनाकर विरोध दर्ज कराया गया था। उस समय सरकार ने कैडर रिव्यू समिति में संघ के प्रतिनिधियों को शामिल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बैठकों की समय पर सूचना नहीं दी गई और आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए।

संघ का यह भी कहना है कि वर्तमान प्रोन्नति नीति में किए गए बदलाव कर्मचारियों के हित में नहीं हैं और इससे भविष्य में नुकसान हो सकता है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा अगले चरण की रणनीति की घोषणा की जाएगी।