जमशेदपुर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 51वें जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को पोटका प्रखंड के भाटिन स्थित लुगु मुर्मू आवासीय आदिवासी विद्यालय में बच्चों के बीच जन्मदिन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नाम्या स्माइल फाउंडेशन के संस्थापक एवं झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी की ओर से किया गया।


इस दौरान कुणाल षाड़ंगी ने विद्यालय में रह रहे बच्चों के साथ केक काटकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जन्मदिन मनाया। कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ों बच्चों के बीच स्कूल शूज का भी वितरण किया गया। बच्चों के बीच इस आयोजन को लेकर उत्साह देखने को मिला।
कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के साथ खुशियां साझा करना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना है। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों के साथ खुशियों के अवसर साझा करने से उनमें अपनापन और उत्साह की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं निदेशक रमो सोरेन, फूल मुर्मू सहित शिक्षकगण मौजूद रहे। वहीं स्माइल फाउंडेशन की ओर से सुरजीत सोरेन, रूही दास मुंडा और विक्रम शॉ ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बच्चों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और जन्मदिन समारोह का आनंद उठाया।

