जमशेदपुर: पोटका विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से लंबित सड़क निर्माण योजनाओं को लेकर विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। जमशेदपुर परिसदन में हुई बैठक में विधायक ने टेंडर होने के बावजूद कई वर्षों से काम शुरू नहीं होने और कुछ सड़कों का निर्माण अधूरा रहने पर नाराजगी जताई। उन्होंने लापरवाह ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने, जरूरत पड़ने पर लंबित योजनाओं की री-टेंडरिंग कराकर जल्द काम शुरू कराने का निर्देश दिया।


अधिकारियों के अनुसार सिरहा कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड को पोटका प्रखंड में कई सड़कों के पुनर्निर्माण का काम 7 अगस्त 2025 को दिया गया था। समय पर काम शुरू नहीं करने पर जनवरी 2026 में कंपनी को नोटिस दिया गया, लेकिन इसके बावजूद कार्य शुरू नहीं हुआ। कंपनी को करीब 11.14 करोड़ रुपये की अन्य सड़क योजनाएं भी मिली थीं, जिनमें कुछ जगहों पर केवल वेट मिक्स मैकडम या गार्डवाल का काम हुआ, जबकि कई हिस्सों में निर्माण शुरू तक नहीं हुआ। करीब 16.52 करोड़ रुपये की विशेष मरम्मत योजनाओं के कार्य अधूरे रहने के मामले में विभाग ने कंपनी को डिबार करने की अनुशंसा की है। वहीं मिथिला एचआर कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भी डिबार की अनुशंसा की गई है।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए ठेकेदारों की लापरवाही के कारण योजनाओं को लंबित रखना उचित नहीं है।
बैठक में पोटका विधानसभा क्षेत्र में तीन नई सड़कों के निर्माण की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गंभीर कोचा से जोजोगोड़ा तक करीब तीन किलोमीटर सड़क, हल्दीपोखर चौक से मुस्लिम बस्ती होते हुए हांसल सीमा तक करीब दो किलोमीटर सड़क और हेंसलमदा पंचायत में डिगरसाई से पोड़सागोड़ा तक सड़क निर्माण की योजना प्रस्तावित है। विधायक ने कहा कि सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।

