जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित दाईगुट्टू, कृष्णा रोड नंबर 12 से 62 वर्षीय शिखा दत्ता के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, शिखा दत्ता 9 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे घर से निकली थीं। घर से निकलने से पहले उन्होंने एक कागज पर अपनी परेशानी से संबंधित कुछ बातें लिखी थीं। इसके बाद से परिजन उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।


परिजनों ने बताया कि शिखा दत्ता के घर से निकलने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। जुस्को भवन के पास विद्युत विभाग क्षेत्र में लगे सीसीटीवी में वह नदी की दिशा में जाती हुई दिखाई दीं। इसके बाद परिवार के लोगों ने नदी और उसके आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। महिला के नदी की ओर जाने की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने नदी किनारे भी काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
शिखा दत्ता के नाती रोनित दत्ता ने मानगो थाने को मामले की जानकारी दी है। परिवार का आरोप है कि उन्हें पुलिस की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। परिजनों ने पुलिस से मानगो थाना क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तलाश अभियान चलाने और नदी एवं आसपास के इलाकों में व्यवस्थित तरीके से खोजबीन करने की मांग की है।
फिलहाल परिवार शिखा दत्ता के सुरक्षित मिलने की उम्मीद कर रहा है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द उनकी तलाश सुनिश्चित करने की अपील की है।

