हेमंत सोरेन के जन्मदिन पर JMM का अनोखा आयोजन, सोनारी में लगाए 51 पौधे

Spread the love

जमशेदपुर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जन्मदिन के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा की पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की ओर से सोनारी दोमुहानी क्षेत्र में अनोखा आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का नाम “हेमंत दा के नाम एक पेड़” रखा गया। इस दौरान 51 पौधों का रोपण किया गया और केक काटकर मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया गया। पार्टी के अनुसार, इस अभियान के तहत जिलेभर में अब तक करीब एक हजार पौधे लगाए जा चुके हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा लंबे समय से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण पर जोर देता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों के हित में प्राकृतिक संसाधनों से समझौता करने का प्रयास कर रही है, जो पर्यावरण के लिए चिंता का विषय है।

वरिष्ठ नेता मोहन कर्मकार ने लोगों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पार्टी नेताओं ने कहा कि पौधरोपण कार्यक्रम का उद्देश्य मुख्यमंत्री के जन्मदिन को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुमन महतो, आस्तिक महतो, शेख बदरुद्दीन, प्रमोद लाल, वीर सिंह सुरिन, लल्टू महतो, खुद्दू उरांव, उमनाथ झा, नरोत्तम दास, सरोज महापात्रा, अजय राजक, मो. समद, फैयाज अहमद खान, प्रीतम हेंब्रम, सुशील हेंब्रम, अभय पांडेय, गुरमीत सिंह गिल समेत बड़ी संख्या में JMM नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।