जमशेदपुर के बागबेड़ा में वर्षों पुराने कचरे के ढेर को हटाने की कवायद शुरू, JUSCO ने किया स्थल निरीक्षण

Spread the love

जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी स्थित दुर्गापूजा मैदान के पास वर्षों से जमा कचरे के ढेर को हटाने की कवायद शुरू हो गई है। पोटका विधायक संजीव सरदार के निर्देश पर सोमवार को JUSCO के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान कचरा हटाने के लिए JCB और हाइवा वाहनों के आवागमन के रास्ते के साथ-साथ वहां मौजूद बिजली के तारों की स्थिति का भी जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देखा कि JCB और हाइवा को कचरे के ढेर तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी तो नहीं होगी। साथ ही, कचरा उठाने के दौरान बिजली के तारों से किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न हो, इसे लेकर भी स्थिति का आकलन किया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को मौके तक पहुंचने का रास्ता दिखाते हुए पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।

JUSCO अधिकारियों के अनुसार स्थल का अंतिम निरीक्षण और तकनीकी स्थिति का आकलन करने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। यदि JCB और हाइवा के आवागमन में कोई बड़ी बाधा नहीं पाई जाती है, तो वर्षों से जमा कचरे को हटाने का काम जल्द शुरू किया जा सकता है। इससे स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही कचरे की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

बताया गया कि सोमवार को कचरे के ढेर को हटाने की मांग को लेकर विधायक संजीव सरदार को मांग पत्र सौंपा गया था। इसके बाद JUSCO की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नरेश लाल, विष्णु क्रेकाटा, संजय महतो, पप्पू उपाध्याय, नीता सरकार, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।